कोलकाता : रेल मंत्रालय के अधीन मिनीरत्न श्रेणी-I केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम ब्रेथवेट एंड कंपनी लिमिटेड (बीसीएल) ने विश्व स्ट्रोक दिवस के अवसर पर 29 अक्टूबर 2026 को टेक्नो इंडिया डीएएमए हेल्थकेयर एंड मेडिकल सेंटर, कोलकाता के सहयोग से स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम एवं पैनल चर्चा का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों को स्ट्रोक के लक्षणों, बचाव और समय पर इलाज के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में ब्रेथवेट के निदेशक (वित्त) श्री आर. वीराबाहु और कार्यपालक निदेशक (एचआर, ऑपरेशंस एंड सर्विसेज) श्री पी. के. मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत किया। अपने संबोधन में श्री वीराबाहु ने स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली के महत्व पर जोर दिया तथा कार्यक्रम के आयोजन के लिए मानव संसाधन विभाग की सराहना की।
पैनल चर्चा में टेक्नो इंडिया डीएएमए हेल्थकेयर एंड मेडिकल सेंटर के डॉ. सौम्य दास, ब्रेथवेट के पैनल चिकित्सक डॉ. आसिफ नदीम और प्रबंधक (पी एंड ए) श्री साहेब गुह रॉय ने भाग लिया। चर्चा में मिनी स्ट्रोक (टीआईए) और गंभीर स्ट्रोक के बीच अंतर, बचाव के उपाय, नियमित स्वास्थ्य जांच और समय पर इलाज के महत्व पर जानकारी दी गई।

इस अवसर पर ब्रेथवेट के कर्मचारियों द्वारा लिखित, निर्देशित और अभिनीत जागरूकता नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक में स्ट्रोक के लक्षणों की पहचान और गोल्डन आवर में तुरंत कदम उठाने का संदेश दिया गया। चिकित्सा विशेषज्ञ श्री तन्मय करमाकर और श्री सब्यता ने नाटक में शामिल होकर सीपीआर, रेस्क्यू ब्रीदिंग और आपातकालीन सहायता के जरूरी उपायों का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् से हुई और समापन विश्व स्ट्रोक संगठन के वीडियो संदेश के साथ हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लिया। इस पहल के माध्यम से कंपनी ने कर्मचारियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
___________________________________________________________________________________________________________________




