कोलकाता : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी देश में ‘अराजकता’ फैलाने वालों का नेतृत्व कर रहे हैं और भारत को अस्थिर करने की कोशिश कर रही विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहे हैं। नवीन ने ‘वोट चोरी’ के खिलाफ विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के अभियान का जवाब देने के लिए कोलकाता में एक मार्च का नेतृत्व करने के बाद एक सभा को संबोधित किया। उन्होंने दिल्ली को ‘राहुल मुक्त’ बनाने का आह्वान भी किया।
नवीन ने इस दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर विदेशी ताकतों के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया।
भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया कि इन ताकतों ने नेपाल और भारत के अन्य पड़ोसी देशों में अशांति फैलाने की साजिश रची थी। भाजपा ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं और ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के अभियान के जवाब में देशभर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ मार्च शुरू किए हैं।
__________________________________________________________________________________________________




