कोलकाता : कोलकाता के बैंकशाल कोर्ट में वकालत करने वाले वकीलों ने पिछले हफ्ते अदालत परिसर में कुछ वकीलों पर कथित रूप से अंडे फेंकने और हमला करने के लिए जिम्मेदार सभी दोषियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए सोमवार को मार्च निकाला और सड़क अवरुद्ध की। वकीलों ने अपनी मांगों को मनवाने के लिए जीपीओ के सामने सड़क पर मार्च किया और कुछ देर के लिए सड़क जाम कर दी।

उनका दावा था कि एक अक्टूबर को कोलकाता के बीचों-बीच डलहौजी इलाके में बैंकशाल कोर्ट परिसर के अंदर बाहरी लोगों ने अंडे फेंके थे। प्रदर्शन में शामिल एक वकील ने कहा, ‘‘पुलिस ने अभी तक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है, हालांकि उन्होंने दो अन्य लोगों को पकड़ा है।’’

प्रदर्शनकारी वकीलों ने अदालत परिसर के अंदर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और घटना में शामिल सभी आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस से तेजी से कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने दावा किया कि जब एक आरोपी को पेश किया जा रहा था, तब कुछ लोग अदालत परिसर के अंदर जमा हो गए और उन्होंने उस पर अंडे फेंके। आरोप है कि अंडे कुछ वकीलों को भी लगे।https://youtube.com/shorts/rQ1IFDih4ME?si=UVx2LQKEmeXXCU3o
___________________________________________________________________________________________




